बलिया। जिला स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के तत्वावधान में शनिवार को सतीश चंद्र कालेज के पंडित गोरखनाथ क्रीड़ांगन में खादी उत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी खादी उत्सव परिसर में किया गया। खादी ग्रामोद्योग के तत्वावधान में आयोजित खादी उत्सव 2018 मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उद्योग एवं वस्त्र को बढ़ावा देना है। इसलिए जनपद में वृहद स्तर पर खादी उत्सव 2018 का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ प्रदेश राज्यमंत्री स्वतंत्रता प्रभारी उपेंद्र तिवारी ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर खादी उत्सव परिसर में लगे करीब 25 स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अविनाश कृष्ण मुख्य कार्यपालक अधिकारी सहित जिलाधिकारी, सीडीओ, एडीएम तथा नगर मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनी के बारे में जानकारी ली। प्रदर्शनी में गोरखपुर के कूड़ा घाट, कंकड़ापुर आजमगढ़, गोलघर गोरखपुर के साथ झांसी मंडल के स्टाल लगी हुई है, जिन पर खादी वस्त्र के साथ ही जूता, चप्पल, कंबल, ऊनी वस्त्र, जैम, जेली, अचार, मुरब्बे तथा जड़ी-बूटी से बनने वाली दवाओं की प्रदर्शनी लगाई गई है। देरशाम तक प्रदर्शनी देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।