सिकंदरपुर। कस्बा में दशहरा एवं ताजिया पर्व के दौरान हुए बवाल की न्यायिक जांच एवं दोषियों पर कार्रवाई को लेकर गुरुवार को विभिन्न संगठनों द्वारा निकाली गई न्याय यात्रा को प्रशासन ने निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए रोक दिया। भाकपा (माले), सीपीआई (एम), एसयूसीआई (सी), स्वराज अभियान, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, रिहाई मंच एवं दूधिया संघ ने न्याय यात्रा निकाली थी। जिसे बालूपुर रोड स्थित गांग किशोर गांव के समीप रोका गया। जिसके बाद माले नेता श्रीराम चौधरी द्वारा राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर राजेश कुमार यादव को सौंपा गया एवं कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। ज्ञापन में सिकंदरपुर में की गई लूटपाट और आगजनी की न्यायिक जांच कराने, लूटपाट और आगजनी में हुई क्षति का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की गई। इस मौके पर सीओ सिकंदरपुर श्रीभगवान सहाय, थानाध्यक्ष अनिल चंद्र तिवारी, चौकी प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे, नियाज अहमद, लाल साहब सहित सैकड़ों माले कार्यकर्ता उपस्थित रहे।