बलिया। जिलाधिकारी सुरेन्द्र विक्रम ने मंगलवार की देरशाम बैठक कर पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने 14वें वित्त से वर्ष 2015-16 के कार्यों का विवरण प्रिया सॉफ्ट पर 27 अगस्त तक तथा 2016-17 का विवरण 27 सितंबर तक अपलोड करने का निर्देश दिया। डीएम ने चेताया कि समय से विवरण अपलोड नहीं होने पर सम्बन्धित सचिवों व एडीओ पंचायत पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही जो सचिव, लेखाकार या लिपिक ट्रांसफर होने के बाद भी कार्यभार हस्तान्तरित नहीं कर रहे वह भी 27 अगस्त तक कार्यभार दे दें अन्यथा इसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया जाएगा तथा निलंबन की कार्रवाई होगी। कहा कि राज्य वित्त व 14वें वित्त का कार्य ऐसा हो कि गांवों में दिखे। यह भी चेतवानी दी कि गांवों में साफ सफाई नहीं दिखी तो सचिव व एडीओ पंचायत जिम्मेदार होंगे और उन्हें गम्भीर परिणाम भी भुगतने होंगे। जिलाधिकारी ने समस्त बीडीओ को निर्देश दिया कि ब्लॉककर्मी कैशबुक, रजिस्टर आदि अभिलेख हमेशा दुरुस्त रखें। गांवों में शौचालय निर्माण भी युद्धस्तर पर हो और लोगों को शौचालय के प्रयोग के लिए प्रेरित भी किया जाए। बैठक में सीडीओ संतोष कुमार, डीपीआरओ अविनाश कुमार, डीपीसी शैलेश ओझा, पीडी, डीडीओ आदि थे।