खेजुरी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेजुरी पर आवश्यक दवाओं तथा चिकित्सकों का अभाव है। जिसके कारण सामान्य बीमारियों में भी अस्पताल से मिलने वाली छोटी-छोटी दवाएं भी मरीजों को नहीं प्राप्त हो पा रही हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह का कहना है कि वर्तमान समय में अस्पताल में इलाज के लिए सुविधा नदारद है। यहां तक कि आवश्यक दवा भी उपलब्ध नहीं है। सुभाष राजभर ने बताया कि हम लोग चिकित्सक के अभाव में झोलाछाप डॉक्टरों के पास जाकर अपना इलाज कराते है। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि घनश्याम सिंह का कहना है कि सरकार की उदासीनता के कारण पूरे जिले में किसी भी अस्पताल पर आवश्यक सुई-दवा उपलब्ध नहीं है। जिसके कारण मरीजों व तीमारदारों को मजबूरी में बाहर से सुई-दवा खरीदना पड़ता है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. वीके सिंह ने बताया कि सामान्य स्तर की दवाएं अस्पताल पर उपलब्ध है, लेकिन गंभीर बीमारी के लिए सुई-दवा नवंबर 2017 से अस्पताल पर नदारद है। सुई-दवा के लिए शासन और प्रशासन को पत्र भेजा गया है।