बेल्थरारोड (बलिया)। जम्मू के आतंकी हमले में 20 सितंबर को शहीद रामप्रवेश यादव की पत्नी चिंता देवी को प्रशासन ने 39 डिस्मिल कृषि भूमि का पट्टा देकर रविवार को कब्ज़ा कराया। क्षेत्र के टंगुनियां ग्राम निवासी रामप्रवेश यादव पुत्र लाल बचन यादव एसएसबी में हवलदार थे। जम्मू के जवाहर सुरंग की सुरक्षा करते समय बीते 20 सितंबर को शहीद हो गए थे। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने शहीद की पत्नी को कृषि भूमि का पट्टा, आवास आदि सुविधाएं दिलाने का भरोसा दिलाया था। उप जिलाधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव ने रविवार को 39 डिस्मिल भूमि का पट्टा दिया। प्रशासन ने पुलिस बल और राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में आवंटित भूमि से कब्जा हटवाकर ट्रैक्टर से समतल कराकर शहीद की पत्नी चिंता देवी को सुपुर्द कर दिया। एसडीएम ने बताया कि शहीद की पत्नी को आवास और शहीद स्मारक के निर्माण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जा चुका है।