बैरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा प्रांगण में बन रहे 100 बेड के अस्पताल के लिए शासन ने 5.88 करोड़ की धनराशि और जारी की है। मुख्य भवन का 50 फीसदी से अधिक कार्य पूरे हो चुके हैं। धनराशि मिलने से निर्माण कार्य में और तेजी आने की उम्मीद है। इससे पूर्व, पांच माह पहले दो करोड़ 62 लाख रुपये मिले थे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के प्रांगण में बनने वाले 100 बेड के अस्पताल के लिए पांच वर्ष पूर्व शिलान्यास किया गया था। धन की कमी के कारण इस अस्पताल का निर्माण कार्य में काफी समय लग गया। मौजूदा समय में निर्माण कार्य रफ्तार से चल रही है। कुल 29 करोड़ 25 लाख रुपये से बनने वाले निर्माण कार्य के लिए शासन ने पांच माह पूर्व तक शासन ने 15.12 करोड़ रुपये दे चुका था। पांच माह पहले शासन की ओर से 2.62 करोड़ की धनराशि दी गई थी। अब जारी धनराशि को लेकर लगभग 21 करोड़ रुपए जारी हो चुके हैं। 100 बेड अस्पताल का मुख्य भवन का 50 प्रतिशत कार्य हो चुका है। दूसरे ब्लाक के तीसरे मंजिल के लिए ढलाई के लिए सेट्रिंग का कार्य हुआ है। ढलाई के बाद चौथी मंजिल का कार्य होना है। इसके अलावा वरिष्ठ चिकित्साधिकारी के लिए दो आवास बनना है। इसमें एक आवास की छत की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। खास बात यह है कि 100 बेड के अस्पताल में लगाने के लिए लाखों रुपये का जांच उपकरण पहुंच चुके हैं, लेकिन उक्त सभी उपकरणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा के गोदाम में रखा गया है। क्षेत्रीय लोग जल्द निर्माण कार्य पूरा होने की टकटकी लगाए बैठे हैं। अस्पताल का निर्माण पूरा होने से लाखों को लोगों को फायदा मिलेगा।
100 बेड अस्पताल का मुख्य भवन 31 दिसम्बर तक पूरा करके दे दिया जाएगा। इससे अस्पताल का संचालन शुरू हो सकेगा। अस्पताल का आवास व पूर्ण रूपेण कार्य 31 मार्च 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा। - राजीव सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, निर्माण निगम