गड़वार। बीते दिनों थाना क्षेत्र के सिकरिया कला गांव में दो समुदायों के बीच हुई मारपीट के बाद माहौल सांप्रदायिकता का बन गया है। फिर से किसी प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, लिहाजा पुलिस भी सक्रिय है। जिसके क्रम में सोमवार की शाम पुलिस ने थानाध्यक्ष राम सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया। इसके साथ युवाओं को हिदायत दिया कि वे सोशल मीडिया पर कुछ भी इस तरह का पोस्ट न करें। जिससे कि धार्मिक भावनाओं पर ठेस पहुंचे। वहीं उन्होंने गांव के बड़े बुजुर्गों को सलाह दिया कि वे भी इस प्रकार की घटना पर उत्तेजित न होकर बातचीत से मामले को सुलझाए। फ्लैग मार्च त्रिकालपुर तिराहे से थाना तिराहा तक किया गया। एसआई गजेंद्र राय, सुरजीत सिंह, रामग पाल त्यागी, राजेश सोनकर, सुनील कुमार यादव, अमित यादव, विनय यादव, विजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।