टीडी कालेज में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कालेज प्रशासन का पुतला दहन करते छात्रनेता।
बलिया। शहर के टीडी कालेज में भ्रष्टाचार को लेकर प्रबंध समिति को सीज कर दिया गया है, जबकि प्रशासक की नियुक्ति अब तक नहीं की गई है। इससे नाराज टाउन डिग्री कालेज के छात्रों ने छात्रनेता यशपाल सिंह के नेतृत्व में शनिवार को कालेज प्रशासन का प्रतीकात्मक पुुुतला फूंका। इस दौरान कालेज में बैठक कर प्रबंध समिति द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। छात्रनेता कमल पांडेय ने कहा कि कालेज में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। छात्रनेता सुधीर मौर्य ने कहा कि जब तक कालेज में कोई प्रशासक नियुक्त नहीं हो जाता है तब तक कालेज के सभी खाते सीज किया जाए। साथ ही बैंक खाते से निकासी भी रोकी जाए। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष शिप्रांत सिंह, प्रियव्रत सिंह, अभिजीत तिवारी, संजय लाला, विवेक सिंह, चुनमुन, सुमंत यादव, आकाश, सुमित, राकेश, अंकित, मारूति खान आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता यशपाल सिंह तथा संचालन दुर्गेश राय ने किया। वहीं दूसरी ओर कालेज के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह के अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि टीडी कालेज के प्रबंध समिति का कार्यकाल कालातीत हो चुका है। फिर भी कालेज से बड़े पैमाने पर धन की निकासी हो रही है। जिससे कालेज के छात्र-छात्राओं में रोष व्याप्त है। इसी बीच टीडी कालेज के प्रबंध समिति के लोगों ने नए प्राचार्य की नियुक्ति भी की। इस दौरान छात्रों ने निर्णय लिया कि कालेज प्रबंधन प्रशासन के भ्रष्टाचार की जांच कराए बिना दम नहीं लेंगे। इस मौके पर छात्रों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी के प्रतिनिधि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनिल स्वरूप को ज्ञापन सौंपा तथा पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। चेताया कि अगर इस प्रकरण की जांच नहीं कराई गई तो कालेज के छात्र बड़े पैमाने पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर संचित सिंह, सुधीर मौर्य, सोनू सिंह, शुभम सिंह, प्रिंस पासवान, ऋषि सिंह, अरविंद सिंह, नवतेज आदि मौजूद रहे। संचालन पूर्व महामंत्री नीरज दूबे ने किया।