सिकंदरपुर। क्षेत्र के दारुल उलूम सरकारी आसी मदरसा के कंप्यूटर सभागार में अटेवा (आल टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन) की बैठक मदरसा के प्रधानाचार्य जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेशीय संगठन मंत्री राजीव यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाली को लेकर जल्द ही प्रदेश एवं देश में एक बड़ा आंदोलन करने की तैयारी की जा रही है। जिसके तहत समस्त शिक्षण संस्थानों एवं कार्यालयों में पूर्ण रुप से तालाबंदी की जाएगी। अटेवा के जिला प्रभारी अभिषेक राय ने कहा कि जब हमारा देश एक है, संविधान एक है, कर एक है तो पेंशन व्यवस्था भी एक समान होनी चाहिए। एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षक कर्मचारी एवं अधिकारियों की गारंटीयुक्त पेंशन को समाप्त कर शेयर बाजार आधारित पेंशन से अच्छादित कर दिया गया है। जबकि एक अप्रैल 2005 से ही सांसदों और विधायकों का पुरानी पेंशन व्यवस्था मिल रही है। यह पूरी तरह से न्याय संगत नहीं है। बैठक में मुख्य रूप से खुर्शीद अहमद, नवीन सिन्हा, मोहम्मद इलियास, नवीन अहमद, मोहम्मद आदिल, मौलाना रहमत आदि उपस्थित रहे। संचालन हामिद ने किया।