बलिया। कोरोना महामारी की वजह से मां-बाप दोनों की मौत के बाद बेसहारा हो गए जिले के 41 बच्चों को सरकार की बाल सेवा योजना का लाभ मिलेगा। ये सभी बच्चे जिला प्रोबेशन विभाग के सर्वे में चिह्नित किए गए हैं। हालांकि सर्वे का काम कोविड खत्म होने तक जारी रहेगा ताकि कोई भी अनाथ बच्चा छूट न जाएं। विभाग की तरफ से चिह्नित इन बच्चों में से नौ ऐसे बच्चे हैं, जिनके मां और पिता दोनों की जिंदगी कोरोना ने छीन ली है। इसी तरह बाकी बचे 32 बच्चे ऐसे हैं, जिनके माता पिता में से कोई एक अब दुनिया में नहीं है। इन बच्चों की देखभाल के लिए चार हजार रुपये की हर माह वित्तीय सहायता मिलेगी। इसी तरह जिनकी कोई भी देखभाल करने वाला नहीं है, सरकार उनके रहने खाने और पढ़ाई आदि सभी की व्यवस्था करेगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि योजना के संबंध में जानकारी हुई है। हालांकि अभी शासन की तरफ से कोई पत्र आदि नहीं मिला है। शासन के निर्देश पर निरंतर सर्वे कर कोरोना से अनाथ हुए बच्चों की सूची तैयार की जा रही है। जिन मां-बाप बा किसी भी वजह से भी देहांत हो गया है, उनके बच्चों की भी देख-रेख प्रशासन करेगा। सर्वे के लिए ग्रामीण स्तर पर प्रशासन द्वारा कई समितियां गठित की गई हैं।