दुबहर। प्रधान संघ के तत्वावधान में मंगलवार की शाम उच्च प्राथमिक विद्यालय घोड़हरा में उत्तर प्रदेश एवं झारखंड पीसीएस जे में चयनित घोड़हरा निवासी अक्षय कुमार सिंह की पुत्री स्वर्णमाला सिंह का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें गांव सहित क्षेत्र के लोगों ने बिटिया का भव्य स्वागत किया। अभिनंदन समारोह के मुख्य अतिथि बलिया नगर के विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि प्रधान संघ के मंडल अध्यक्ष विमल पाठक ने स्वर्ण माला को स्मृति चिह्न व अंगवस्त्रम से संमानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि लक्ष्य के प्रति सच्ची निष्ठा हो तो मंजिल जरूर मिलती है। जिसका जीता जागता उदाहरण स्वर्णमाला सिंह हैं। जिन्होंने एक साधारण परिवार में जन्म लेकर ऊंचाई की बुलंदियों को छूने का प्रयास किया और सफलता भी पाई। विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय परिवार की तरफ से स्वागत किया। वहीं विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि का विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू सिंह, सुनील सिंह, विनोद सिंह, पिंटू मिश्र, बलदेव गुप्ता, शमीम अंसारी, घनश्याम पांडेय, अखिलेश चौबे, खंड शिक्षा अधिकारी मोतीचंद चौरसिया, अजीत पांडेय, शीला सिंह, शशिकांत पांडेय, गणेश सिंह, नागेश्वर सिंह, समरजीत सिंह, जहीर खान, अंजनी लाल चौबे, पूर्व ब्लाक प्रमुख महेशानंद गिरी आदि लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता अरुण कुमार पांडेय एवं संचालन विद्यासागर गुप्ता ने किया। अंत में वर्णमाला सिंह के पिता अक्षय कुमार सिंह एवं कार्यक्रम के आयोजक रमेश चंद्र गुप्ता ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।