बेल्थरारोड। डीएवी इण्टर कॉलेज में पांच-दिवसीय स्काउट-गाइड तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रबंधक अनूप कुमार हेमकर ने स्काउट-गाइड के ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने स्काउट-गाइड की महत्ता पर विशद रूप से प्रकाश डाला व समाज और राष्ट्र के प्रति सेवाभाव के इसके योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागी स्काउट व गाइड से स्वयं के व्यक्तित्व को निखारने पर बल दिया । कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन कमिश्नर अरविंद कुमार सिंह ने किया। राज्य मुख्यालय से आये हुए प्रशिक्षण संचालक अरुणेंद्र सिंह ने स्काउट-गाइड को अनुशासन में रहते हुए पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण का लाभ उठाने के लिए संकल्पबद्ध किया। विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य रमेश कुमार ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए उन्हें भरपूर सहयोग एवं सुविधा का भरोसा दिया। इस अवसर पर प्रशिक्षक शिवानंद साह, स्काउट-गाइड के विद्यालय प्रभारी विनय कुमार, श्रीकांत यादव, राम प्रकाश गुप्ता, शिवशंकर कुसुमाकर तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।