बलिया। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए 30 नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण होगा। शासन से इसकी स्वीकृति मिल गई है। सात उपकेंद्रों का पैसा भी आ गया है, जिसकी निर्माण प्रक्रिया शुरू हो गई है। अन्य उपकेंद्र के भवनों के निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग व राजस्व विभाग चयनित ग्रामसभा में जमीन की तलाश में जुटी है।
केंद्रों के निर्माण पर करीब नौ करोड़ रुपए खर्च होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं नजदीक ही उपलब्ध हो जाएगी, झोलाछाप चिकित्सकों से छुटकारा मिलेगा।
जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने के लिए 17 विकास खंड के विभिन्न ग्रामसभाओं में 50 उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसमें 30 के निर्माण पर मुहर लग गई है। कोटवा, दुबहड़ और हनुमानगंज विकास खंड में सात उपकेंद्र के निर्माण के लिए धन स्वीकृत हो गया है। एक उपकेंद्र के निर्माण पर विभाग 30 लाख रुपये खर्च करेंगा। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर फार्मासिस्ट, एएनएम और आशा की तैनाती की जाएगी।
ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी। इन उपकेंद्रों पर इलाज के साथ प्रसव की सुविधा मिलेगी। मरीज की ज्यादा गंभीर हालत होने पर सीएचसी, पीएचसी या जिला अस्पताल रेफर करेंगे।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए शासन से 30 उपकेंद्र के निर्माण की स्वीकृति मिली है। अभी सात के लिए धन आ गया है। अन्य केंद्रों के निर्माण के लिए जमीन की तलाश चल रही है। - आरबी यादव, डीपीएम एनएचएम