जयप्रकाश नगर। बैरिया पुलिस ने एनएच 31 के मांझी घाट पर स्थित एक ढाबा के समीप चार पिकअप में लदे 29 मवेशियों को पकड़ा। इसमें छह मवेशी मृत व 23 मवेशी जीवित पाए गए। मौके पर पहुंचे बैरिया एसएचओ संजय त्रिपाठी मृत छह मवेशियों को सरयू नदी के किनारे दफनवाया और 12 गायों को आसपास के किसानों की सुपुर्दगी में दे दिया। एसएचओ ने 11 बछड़ों को बैरिया पशु आश्रय केंद्र को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र के चांददीयर पुलिस चौकी प्रभारी सूरज सिंह को मंगलवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि चार पिकप पर मवेशी लादकर बिहार के रास्ते बंगाल पहुंचाने के लिए पशु तस्कर आ रहे हैं। इसके बाद श्री सिंह जयप्रकाश नगर चौकी प्रभारी हीरेन्द्र सिंह को बुलाया और पुलिस बल के साथ मांझी घाट जयप्रभा सेतु के समीप खड़े हो गए। इसी बीच बैरिया की ओर से एक साथ आ रहे चार पिकअप पर निगाह पड़ी। पुलिस को देख पिकअप चालक पास ही स्थित ढाबे के समीप खड़ा कर भागने के फिराक में थे कि पुलिस ने छह लोगों को पकड़ लिया। सभी पिकअप की तलाशी लेने पर उस पर 29 मवेशी थे। इसमें तीन बछड़े व तीन गाय मर चुकी थी। चौकी इंचार्ज चांददीयर की सूचना पर पहुंचे एसएचओ ने कार्रवाई की। पशु चिकित्सक को बुलाकर मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराने के बाद सरयू किनारे जमीन में गड़वा दिया। पकड़े गए लोगों में बिहार राज्य के सारण जनपद के जैतपुर गांव निवासी मुन्ना यादव पुत्र शंकर यादव, दिलीप कुमार राम पुत्र नन्दलाल राम व दाऊदपुर निवासी रूपेश नट पुत्र राजकुमार नट, मुकेश नट पुत्र सन्तोष नट, पचुआ गांव निवासी अर्जुन कुमार राम पुत्र कृष्ण राम व हल्दी थाना क्षेत्र के मलिकापुर निवासी मुकेश तिवारी पुत्र जलेश्वर तिवारी रहे। पुलिस ने सभी के खिलाफ गोवध निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया और सभी चार पिकअप को सीज कर दिया।