बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिड्ढी निवासी एवं राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी प्रीति गुप्ता के छोटे भाई सोनू गुप्ता 22 दिन से लापता है लेकिन पुलिस उसका कोई सुराग नहीं लगा सकी। सोनू के पिता के तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन की बात कह रही है। परिवार को डर सताने लगा है कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। नगर के मिड्ढी निवासी उमाशंकर गुप्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र सोनू मोहल्ले के साथी त्रिलोकी खरवार और दीपू खरवार के साथ 20 अप्रैल की सुबह करीब नौ बजे गंगा स्नान करने के लिए निकला था लेकिन घर नहीं लौटा। उसके दोनों साथियों से सोनू के बारे में दोनों से पूछताछ की गई तो वे कुछ बताने की बजाय मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने 21 अप्रैल को सोनू के दोनों साथियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी दीपू खरवार से पूछताछ भी की लेकिन कोई अहम सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। वहीं, त्रिलोकी खरवार फरार चल रहा है। 22 दिन बीतने के बाद भी पुलिस सोनू के बारे में कोई सुराग नहीं लगा सकी। ऐसे में पीडि़त परिवार को यह भय सताने लगा है कि पुलिस की उदासीनता के कारण उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी न हो जाय। इस बाबत सीओ सिटी एके सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही मामलेे का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।