बलिया। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सुरक्षा सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष अजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एडीएम मनोज कुमार सिंघल ने कहा कि वास्तव में सड़क सुरक्षा एक आत्म चेतना का विषय वस्तु है। जब तक प्रत्येक व्यक्ति स्वयं जागरूक नहीं होगा, तब तक सड़क सुरक्षा का उद्देश्य सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए अधिकारियों से जन जागरूकता चलाने का निर्देश दिया। अंत में हरी झंडी दिखाकर एक सेफ्टी वैन को रवाना किया। यह वाहन 29 अप्रैल तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का कार्य करेगा। अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह, एआरटीओ आंजनेय सिंह, सीओ सिटी हितेंद्र कृष्ण, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र दुबे, सदर सीओ मो. नसीम सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा ट्रक, टेंपो, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।