रतसर। सुखपुरा नहर मार्ग से जनऊपुर-नूरपुर को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग की खस्ताहाल स्थिति आवागमन को जोखिम पूर्ण बना दिया है। 12 वर्ष पहले बनी सड़क को आज तक एक बार भी संबंधित विभाग द्वारा मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके चलते सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस सड़क से करीब 15 हजार की आबादी जुड़ी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के चलते पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। इस मार्ग से दो विद्यालय जुड़े हैं, जहां बच्चों को एवं अभिभावकों को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भाजपा सरकार के अस्तित्व में आने के बाद मुख्यमंत्री ने खस्ताहाल सड़कों को 15 जून तक गड्ढा मुक्त करने का फरमान जारी कर दिया था, उस वक्त लोगों में आस जगी थी कि इस सड़क का भी कायाकल्प होगा, लेकिन आज तक काम शुरू न होने से लोगों में मायूसी है। बीते महीने जनऊपुर गांव आए राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने इस बरसात बाद सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन कार्य कब प्रारंभ होगा और कब तक सड़क चलने लायक होगी। लोगों के लिए यह यक्ष प्रश्न बना हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभाग सहित जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।