बेल्थरारोड (बलिया)। तहसील क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए निछुवाडीह में अग्निशमन केंद्र की स्थापना के लिए शासन ने धन स्वीकृत कर दिया है। विधायक धनंजय कन्नौजिया ने बताया कि अग्निशमन केंद्र का निर्माण कार्यदायी संस्था आवास विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जाएगा। बेल्थरारोड क्षेत्र में गर्मी के दिनों में आगलगी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। आग लगने पर रसड़ा से फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ता है। ऐसे में फायर ब्रिगेड वाहन को घटना स्थल पर पहुंचने में घंटों लग जाता है, मौके पर पहुंचने के पूर्व सब कुछ राख हो जाता है। विधायक ने बताया कि इसके निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। शासन द्वारा धन की स्वीकृति कर दी गई है और मुक्त होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए अनेक योजनाओं को अमली जामा पहनाने का काम चल रहा है।