बेल्थरारोड। शारदीय नवरात्र की महानवमी को नगर क्षेत्र की पूजा पंडालों में भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पंडालों में देवी की नयनाभिराम झांकियों को देख श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। रंग बिरंगी विद्युत झालरों की सजावट और आकर्षक साज-सज्जा से परिपूर्ण पंडालों में मां दुर्गा और देवी देवताओं की मनोरम झांकियों को लोग निहारते रहे। भक्ति गीत-संगीत की धूम रही। चहुंओर भक्ति रस की सरिता बह रही है। पूरे दिन नगर में रेला लगा रहा। दुर्गा पूजा मेले में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए समाज सेवी संगठनों की ओर से इंतजाम किए गए। दोपहर के बाद पंडालों में दर्शन और पूजन -अर्चन में देहाती क्षेत्रों से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।