बलिया। नेशनल फेडरेशन आफ टेलिकाम इंप्लाई एसोसिएशन के आह्वान पर दूरसंचार कार्यालय पर परिसर में चल रहा भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। दूरसंचार कर्मियों ने तीसरा वेतन समझौता लागू करने को लेकर दूरसंचार परिसर में जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर सुरेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के अदूरदर्शी रवैए के चलते दूरसंचार कर्मियों की मांगे आज तक अधर में लटकी हुई है। अगर यही स्थिति रही तो दूर संचार के कर्मचारी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। परमात्मा राम ने कहा कि कर्मचारियों को हर हाल में तीसरे वेतन समझौते का लाभ दिया जाना चाहिए। जिला सचिव कामरेड रामजी यादव ने कहा कि जब भी केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है बीएसएनएल कर्मियों के साथ अन्याय हुआ है। काम बढ़ाने के बाद भी तीसरा वेतन समझौता लागू नहीं किया जाता है। इस मौके पर भरत राम, संतोष कुमार, प्रेमशंकर वर्मा, लल्लन सिंह यादव, राघव सिंह, सुरेंद्र राम सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।