बांसडीह। कस्बा के बड़ी बाजार में शनिवार की शाम करीब पांच बजे एक विवाहिता ने पंखे से लटककर अपनी ईहलीला समाप्त कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। घटना उस समय हुई जब मृतका का पति बेचू कपड़े की फेरी से लौटकर बड़ी बाजार स्थित एक दुकान पर बैठा था। वहीं सासु व ननद घर के बाहर स्थित दुकान पर थे। इसीबीच नेहा (22) ने घर में लगे पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर अपनी ईहलीला समाप्त करने का प्रयास किया। तभी उसकी छोटी ननद घर में पहुंच गई और भाभी को पंखे से लटका देख चिल्लाने लगी। जिसके बाद सासु व आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए और पंखे से उतारकर आनन-फानन में नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बांसडीह प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शादी मई 2013 में बेचू गुप्ता के साथ हुई थी। मृतका के मायके के लोग फरीदाबाद में रहते है। मृतका का ढाई वर्ष का पुत्र छोटू एवं डेढ़ साल की पुत्री जिया है।