रेवती। डीएम के निर्देश पर नगर से बाहर स्टैंड स्थानांतरण किए जाने से नाराज प्राईवेट बस संचालकों का वाहन छठवें दिन रविवार को भी ठप रहा। जिसके कारण यात्रा करने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बैरिया से रेवती, सहतवार, छाता होकर बलिया के बीच चलने वाले प्राइवेट बसों का संचालन बंद चल रहा है। जिसके कारण यात्रियों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। प्राइवेट बस यूनियन के सदस्य दिलीप सिंह व राजू सिंह का कहना है कि सन 1995 से बैरिया वाया रेवती, बलिया के बीच चलने वाली प्राईवेट बसों का संचालन तिखमपुर बस स्टैंड से होता रहा है। डीएम द्वारा बस स्टैंड को मंडी समिति के पास स्थानांतरित करने का आदेश दिया गया, लेकिन स्टैंड का स्थान सुनिश्चित नहीं किया गया। हमारा स्टैंड कहां है यह हम लोगों पता नहीं है। जिससे बसों का संचालन हम लोगों ने ठप कर दिया है।