बेल्थरारोड। भोजपुरी छात्र परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्त ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजा। पत्र में भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की । पत्र में उल्लेख है कि भोजपुरी भाषाभाषी क्षेत्र के लोगों ने आजादी के पूर्व से अब तक विकास के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है । राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भोजपुरी क्षेत्र का दबदबा रहा है , लेकिन भोजपुरी भाषा को आजादी के 70 साल के बाद भी सम्मानजनक स्थान नहीं मिल पाया। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बिहार, चंपारण के अलावा नेपाल , मारीशॉस, सूरीनाम आदि विदेशों में भी भोजपुरी भाषा की धूम मची है । पत्र में कहा गया है कि भोजपुरी क्षेत्र के लोगों द्वारा विभिन्न माध्यमों से भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की जाती रही है। लेकिन जनप्रतिनिधियों के उदासीन रवैया और उच्च राजनैतिक हस्तक्षेप के अभाव में भोजपुरी को संवैधानिक मान्यता नहीं मिल सकी । उन्होंने भोजपुरी क्षेत्र के सांसदों, विधायकों समेत जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस दिशा में सकारात्मक भूमिका के निर्वहन की अपील की , ताकि भोजपुरी को संवैधानिक मुकाम हासिल हो सके।