बेल्थरारोड(बलिया)। राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष अक्षय कुमार यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का शिष्टमंडल शनिवार को उपजिलाधिकारी अरविंद राय से मिला। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों पर हो रहे अत्याचार की तीव्र निंदा की। ज्ञापन में उल्लेख है कि सरकार की गलत नीतियों के चलते महाराष्ट्र के किसान खुदकुशी करने को विवश हैं। वहीं मध्यप्रदेश में बकाया राशि के लिए धरना दे रहे छह किसानों की मौत की घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी जनों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की। बताया कि किसानों को न्याय नहीं मिला तो जनसहयोग से बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। शिष्टमंडल में सत्यानंद यादव, श्रीभगवान, शिशुपाल, राजेंद्र यादव, ओम प्रकाश भारती आदि शामिल रहे।