सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के घुरी बाबा के टोला गांव में रविवार की सुबह नाली के गड्ढे में खेलते-खेलते गिर जाने से 18 माह के मासूम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बलिया-सिकंदरपुर मार्ग स्थित घुरी बाबा के टोला में रविवार की सुबह अव्यांश यादव (18 माह) पुत्र विजय कुमार यादव खेलते समय अचानक घर के पास गंदा पानी निकलने वाले बने गड्ढे में गिर गया। इसकी भनक घर वालों को नहीं हो पाई। परिजनों के अनुसार मासूम की मां अमृता यादव ने रोज की तरह बच्चे को दूध पिलाकर आंगन में बैठा दिया और अपने दैनिक कार्य में जुट गई। कुछ देर बाद जब आंगन में अव्यांश नहीं दिखा तो वह उसे खोजने लगी। खोजते-खोजते अमृता जब गड्ढे के पास गई तो बच्चा गड्ढे में गिरा मिला। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले जाया गया। जहां से चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय भेज दिया। जिला चिकित्सालय में बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद से मां समेत परिजनों का रोल होकर बुरा हाल है।