बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा में शासन ने परीक्षार्थियों को रोडवेज में मुफ्त बस सेवा प्रदान की है। 22 से 26 अगस्त तक परीक्षार्थियों के लिए परिवहन निगम ने कई अतिरिक्त बसों को चलाया था। बलिया डिपो की बसों से लगभग 17500 परीक्षार्थियों ने यात्रा की।
परीक्षार्थियों के लिए बलिया डिपो से 100 से अधिक बसों का संचालन वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर आदि जनपदों के लिए किया गया था। पांच दिन की मुफ्त यात्रा में बलिया डिपो से लगभग 17500 परीक्षार्थियों ने यात्रा की। इस दौरान रोडवेज पर लगभग 14 लाख से अधिक अतिरिक्त राजस्व का भार आया है। डिपो से परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा खत्म होने से पहले से ही तैनात रहती थी। परीक्षार्थियों के आते ही बसें भरकर उन्हें उनके जिले तक लेकर जाती थीं। साथ ही उधर से आने वाले परीक्षार्थियों को लेकर भी आती थी।
29 अगस्त की रात से फिर मिलेगी सेवा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में परीक्षार्थियों की 30 व 31 अगस्त को आयोजित परीक्षा के लिए फिर रोडवेज सेवा प्रदान करेगी। 29 अगस्त की आधी रात से मुफ्त सेवा प्रदान की जाएगी। वहीं, एक सितंबर की आधी रात तक परीक्षार्थियों रोडवेज बसों से मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। एआरएम अजय कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों को दिक्कत न हो, इसका ख्याल रखते हुए तैयारी की जा रही है। जिस जनपद के परीक्षार्थी अधिक आने व जाने वाले है उन जनपदों के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है।