बांसडीह। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम बांसडीह अन्नपूर्णा गर्ग ने गुरुवार को बांसडीह में विभिन्न पार्टियों के चुनाव कार्यालयों की जांच की। इस दौरान अनुमति के चल रहे दो प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय खुला देख उन्होंने उम्मीदवारों और भूस्वामियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। एसडीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि बांसडीह में बिना अनुमति के सपा-बसपा गठबंधन तथा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का कार्यालय संचालित हो रहा था। इन कार्यालयों को चलाने की अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने सलेमपुर लोकसभा के सपा, बसपा गठबंधन के उम्मीदवार आरएस कुशवाहा और प्रसपा के पूजा पांडेय को नोटिस भेजकर जबाब देने का निर्देश दिया हैं। एसडीएम ने बताया कि प्रसपा का कार्यालय बंद था लेकिन सजावट व बैनर लगा था। लोगों ने बताया कि कार्यालय अभी खुला नहीं हैं। एसडीएम ने अनुमति के बाद चल रहे भाजपा व कांग्रेस के कार्यालयों की भी जांच की तथा वीडियोग्राफी कराई।