बलिया। मोदी सरकार के इस साल के बजट को किसानों के साथ धोखा का बजट बताते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि यह पुतला दहन राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार अंजान के आह्वान पर आयोजित किया गया है। जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पांडेय ने कहा कि मोदी सरकार विगत दो वर्षों से किसानों की आय दोगुना करने का ढिंढोरा पीट रही है। जबकि इस साल के अंतरिम बजट में किसानों के लिए ऐसा कोई व्यवस्था नहीं दिया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना से बेसहारा किसानों को तीन रुपये तीस पैसे रोज दान स्वरूप मिलेंगे। यह ठीक उसी प्रकार है जैसे कोई अस्पताल बिना चिकित्सक और दवा के चलाया जा रहा हो। नारा लगाया कि अंतरिम बजट किसानों के साथ धोखा है, 2019 में देश बचालो यही मौका है। सभा के यमुना प्रसाद ने भी संबोधित किया। लखन सिंह, गोवर्धन पासवान, वंशीधर पासवान, भगवान पांडेय, शिवनारायण यादव, गुड्डू तुरहा, एसबी पांडेय, अभिषेक रंजन, अर्जुन पांडेय आदि मौजूद रहे।