बलिया। नगर में दीपावली के मद्देनजर बुधवार को बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। इस दौरान बाजार में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा के साथ ही उनके सजावट के सामानों की बिक्री अधिक रही। मिठाई की दूकानों पर भी खरीददारों की भीड़ देखने लायक रही। वहीं मिठाई के आसमान छूते भाव से ग्राहकों की खरीदारी पर कोई असर नहीं देखने को मिला। नगर के चौक, कासिम बाजार, ओक्डेनगंज, आर्यसमाज रोड, गुदरी बाजार में दूकानें सुबह से ही सज गई। दूकानों पर खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ शाम होते-होते उमड़ पड़ी। नगर के अधिकांश बाजारों में भीड़ देखने लायक रही। मिठाई की दूकानों पर तरह-तरह की मिठाईयां सजाई गई थी। इस बार सुगरफ्री मिठाई भी बाजार में अधिक देखने को मिली।