बलिया। भाकपा मार्क्सवादी तथा अखिल भारतीय किसान सभा के संयुक्त तत्वाधान में किसानों-मजदूरों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मांगों से संबंधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इसके पहले किसानों-मजदूरों ने रेलवे स्टेशन से जुलूस निकाला। वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार अपना चुनावी वादा पूरा करने में पूरी तरह विफल रही हैं। कहा कि न तो अच्छे दिन आए और न ही गरीबों के खाते में धनराशि ही पहुंची। हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा भी खोखला साबित हुआ। कार्यकर्ताओं ने किसानों का कर्ज माफ करने, लागत मूल्य का डेढ़ गुना को देने, पटरी दुकानदारों की रोजी-रोटी सुरक्षित करने आदि की मांग की। इस मौके पर शैलेश सिंह, रामजियावन यादव, भरत जी गोंड, रामकृष्ण यादव, मोहन दुबे, चंद्रमा यादव, राकेश वर्मा, केशव सिंह, छबिला सिंह आदि थे।