बलिया। जनपदीय माध्यमिक क्रीड़ा समिति के तत्वाधान में सोमवार को जनपदीय माध्यमिक खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन इंटर कॉलेज आमघाट के मैदान पर आयोजित किया गया। इसका शुुुुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अभय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय कर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के सीनियर व जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन मैच राम दहिन सिंह इंटर कॉलेज आमघाट व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के जूनियर वर्ग की छात्राओं के बीच हुआ। इसमें राम दहिन सिंह इंटर कॉलेज की टीम विजयी रही। सीनियर वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व गुलाब देवी इंटर कॉलेज की छात्राओं के बीच हुए मैच में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की टीम विजयी रही। इस मौके पर मंडल के लिए सीनियर व जूनियर टीमों का चयन किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य पारस नाथ राय, शेष नाथ सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, रणविजय बहादुर सिंह, राजेश प्रसाद, आशिफ अली, मो. दानिश, दिनेश प्रसाद, श्रीराम चंद्र गुप्ता आदि रहे।