बलिया। भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जैनेंद्र पांडेय मिंटू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रोडवेज तिराहे पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का पुतला फूंका। सेना के जवानों के बारे गलत बयानबाजी से नाराज युवा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के जैनेंद्र पांडेय ने कहा कि भागवत द्वारा दिए गए बयान उन समस्त शहीद सैनिकों के साथ-साथ हम सभी भारतीयों के लिए अपमानजनक बात है। मोहन भागतव को पूरे भारतवासियों से सार्वजनिक रुप से माफी मांगनी चाहिए। सागर सिंह राहुल व रुपेश चौबे ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी मोहन भागवत के हाथों की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। एक सिर के बदले दस सिर लाने वाले प्रधानमंत्री बताये कि पाकिस्तान द्वारा बार-बार सीज फायर उल्लंघन व सैनिकों की कुर्बानी कब तक बंद की जाएगी। इस मौके पर शिवप्रताप ओझा, सत्यप्रकाश उपाध्याय मुन्ना, जितेंद्र राय, दुर्गेश कुमार सिंह, फुलबदन तिवारी, संतोष पांडेय, मुन्ना पासवान, आशीष राय, संजय यादव, दिनेश राजभर, यश मिश्र आदि लोग मौजूद रहे।