सहतवार। छपिया गांव के दुबेछाप पुरवा में मंगलवार की सुबह आग लगने से दो परिवारों की चार रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। गृहस्थी के सभी सामान नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया लेकिन तबतक सबकुछ नष्ट हो चुका था। छपिया के दुबेछाप पुरवा निवासी श्रीकिशुन खरवार के रिहायशी झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसमें उनकी दो झोपड़ी, खोप, तीन कुंतल गेहूं आदि गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। उधर आग ने विकराल रूप धारण कर बगल के बैजनाथ खरवार की भी दो झोपड़ियों को अपने आगोश में ले लिया। जिसमें उनका गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।