मनियर। लगातार तीन थाना समाधान दिवस पर किसी भी अधिकारी के नहीं पहुंचने से क्षेत्र के लोगों को समुचित न्याय नहीं मिल पा रहा है। मनियर थाना क्षेत्र में बांसडीह तहसील व सिकंदरपुर तहसील के भी गांव आते हैं। केवल इन गांवों के लेखपाल एवं भू-राजस्व निरीक्षक ही थानाध्यक्ष मनियर की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनते हैं, लेकिन उसका सटीक निस्तारण नहीं हो पाता। जिससे लोग मायूस हो घर चले जाते हैं। पीड़ित सरवार ककरघटी निवासी कौलेश्वर चौहान का आरोप है कि आवासीय पट्टा चकबंदी पूर्व का है, लेकिन चकबंदी में उसका नाम उक्त नंबर पर पट्टे के रूप में नहीं चढ़ पाया जहां वह बसा हुआ है। कुछ लोग उसके पट्टे की जमीन को हड़पना चाहते हैं एवं उनकी झोपड़ी डालने में भी व्यवधान डालते है। विगत तीसरे समाधान दिवस में अपनी समस्या लेकर वह थाने पर गया था, लेकिन किसी सक्षम अधिकारी की उपस्थिति न होने के कारण लेखपाल व कानूनगो यह कह कर टाल दिये कि तुम्हारा नाम दर्ज नहीं हो पाएगा।