जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारोत ने विशेष संचारी रोग पखवाडा़ दो अप्रैल से 16 अप्रैल तक मनाए जाने के संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों की अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। मंगलवार की शाम कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने बताया कि विशेष संचारी रोग पखवाड़े के अंतर्गत एक से 15 साल के बच्चों को जेई के टीके लगेंगे तथा जिले के 11 गांव में फागिंग व लारवीसाइडल का छिड़काव किया जाएगा। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी व मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन काटने के निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव ने बताया कि आवासीय क्षेत्रों के आस-पास कुतरने वाले जीव जंतु को मारने/नियन्त्रित करने के लिए 170 गांव में कार्य योजना बना ली गई है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विशेष संचारी रोग पखवाडा आयोजन के संबंध में बनाई गई रणनीति के बारे में जानकारी दी।