दुबहर । युवाओं में नैतिक कर्त्तव्य का बोध कराने तथा गांव के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जनपद के कुल 945 ग्राम पंचायतों में मंगल पांडेय जागरूक युवा क्लब का गठन किया जाएगा । इसकी जानकारी मंगल पांडेय विचार मंच के संरक्षक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह ने मंगलवार को नगवा ढाले पर पत्रकारों को दी । उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मंगल पांडेय विचार मंच की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जब तक गांव का विकास नहीं होगा तो देश का विकास नहीं हो पाएगा। इसलिए गांव में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा युवाओं का एक सक्रिय संगठन खड़ा कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए प्रत्येक गांव में युवा क्लब का गठन किया जाए । ताकि युवा अपनी ऊर्जा का उपयोग सही दिशा में करे । कहा कि युवाओं को समय समय पर सामाजिक कार्यों के संचालन तथा उनकी देखरेख आदि से संबंधित प्रशिक्षण भी युवा क्लब के सदस्यों को दिया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष कृष्णकान्त पाठक, अंजनी सिंह आदि लोग रहे।