राजकीय आईटीआई के निर्माण में धांधली, जांच की मांग
बलिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम से मिला। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मांग की कि राजकीय आईटीआई बांसडीह के निर्माण में की गई धांधली की जांच कराई जाए। आरोप लगाया कि आईटीआई निर्माण में बड़े पैमाने पर घटिया सामानों की खपत की गई है। जिससे भवन में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं के साथ भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। निर्माण की कार्यदायी संस्था समाज कल्याण एवं राजकीय निर्माण निगम की मिलीभगत से स्कूल के भवन निर्माण के लिए आए धन का ठेकेदार के साथ मिलकर बंदरबांट किया जा रहा है। जिसके गुणवत्ता की जांच कराने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इस मौके पर प्रशांत राय, टिंकू पटेल, सुमित मिश्र, संदीप तिवारी, आशीष कुमार सिंह, अभिषेक राय, रितेश पांडेय, नारद आदि मौजूद रहे।