रसड़ा। विद्युत विभाग के कर्मचारी एक माह बीत जाने के बाद भी जला हुआ ट्रांसफार्मर अभी तक नहीं बदल सके हैं। सैकड़ों एकड़ फसल सूखने की कगार पर है। किसानों की शिकायत की भी सुनवाई नहीं हो रही है। किसानों की आय दोगुना करने की कवायद में लगी सरकार को विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी भी झटका दे रहे हैं। कोटवारी स्थित सरकारी ट्यूबवेल 281 नंबर का 25 अगस्त को 25 केबीए का ट्रांसफार्मर जल गया। किसानों ने 25 अगस्त को ही लखनऊ विभाग में शिकायत किया, जिसका नंबर पीयू 2508180523 है। ट्रांसफार्मर एक माह बाद भी नहीं लगने से किसानों की सैकड़ों फसल सूखने के कगार पर है। इसी कोटवारी गांव में ही विकलांग लालबहादुर सिंह का निजी नलकूप का चार वर्ष पूर्व आंधी पानी में गिरा खंभा तार आज तक बदला नहीं जा सका है। जिससे वे ट्यूवेल आज भी बिजली के अभाव में बंद हैं। अधिकारियों के यहां शिकायत करना बेमतलब ही साबित हुआ है। आक्रोशित किसान पप्पू सिंह, अनिरुद्ध राजभर, जयशंकर सिंह, सुरेन्द्र सिंह, हरिकेश राजभर आदि ने चेताया कि तत्काल ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।