तेज आंधी व ओलावृष्टि से शुक्रवार को बैरिया तहसील क्षेत्र में फसल को काफी नुकसान हुआ है। बड़े ओले ने गेहूं, मसूर, मक्का, सब्जी, सरसों आदि की फसल को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है। तेज आंधी के कारण खेत से काट कर खेत में रखे बोझ उड़ कर तितर-बितर हो गये हैं। इसी के मद्देनजर कृषि विभाग ने सोमवार को बैरिया तहसील के सभी कृषि क्षेत्र इलाके में किसानों के नुकसान का सर्वे किया। सर्वे करने पहुंचे उप कृषि निदेशक इंद्राज व जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव ने बताया कि पूरे बलिया जनपद में सर्वे हो रहा है। किसानों के फसल का नुकसान की जानकारी जुटा कर शासन को भेजा जायेगा। शासन के मुआवजा निर्धारण के बाद किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारीद्वय ने बताया कि ओलावृष्टि और तेज आंधी से फसल नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट शासन को सर्वे के पश्चात भेजी जाएगी।