बांसडीहरोड। यात्रियों की सुविधाओं के लिए रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को वाईफाई व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग की टीम कई दिनों से लगी हुई थी। स्टेशन परिसर में बैठे यात्रियों को नेट चलाने में काफी सहूलियत मिलेगी। यात्री आराम से ट्रेन का लोकेशन, यूट्यूब पर मनोरंजन वीडियो, गूगल पर कुछ न कुछ सर्च कर अपना समय व्यतीत कर ही लेंगे। इस सेवा से स्टेशन के साथ ही 50 मीटर तक के दायरे में आने वाले लोग सुविधा का फायदा उठाएंगे। वाईफाई शुरू होने के बाद युवाओं का स्टेशन के बाहर जमावड़ा देखा गया, युवा नेट चलाने में मगन दिखे। विभागीय इंजीनियर ने बतया कि इसके लिए सोलर उपकरण भी स्टेशन परिसर में लगाया गया है। बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के सभी रेलवे स्टेशन जहां पर वाईफाई लगाने की विशेष सुविधा है, वहां लगाया जा रहा है। कहा कि एक रेलवे स्टेशन पर वाईफाई लगाने में रेल मंत्रालय का करीब 10 लाख रुपये खर्च आ रहा है। रेल मंत्रालय की मंशा है कि सब कुछ ठीकठाक रहा तो रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा, जिससे यात्रियों तथा अराजकतत्वों की हर गतिविधियों पर पैनी नजर रहेगी।