बेल्थरारोड। ब्लॉक सीयर के चैनपुर गुलौरा निवासी ओम प्रकाश यादव ने उपजिलाधिकारी को पत्र सौंप ग्राम सभा की खुली बैठक किए बगैर अवैध रूप से राशन दुकान आवंटित किए जाने की साजिश करने का आरोप लगाया है । पत्र में कहा गया है कि सरकारी निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा में यदि 4 हजार से अधिक यूनिट होगी, तो एक से अधिक दुकान की नियुक्ति की जा सकती है। ग्राम सभा में 3713 यूनिट होने की दशा में दो दुकानों संचालित हो रही हैं। ऐसे में शासनादेश का उल्लंघन कर अतिरिक्त दूकान आवंटित नहीं की जा सकती, लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा फर्जी तरीके से कागजों में ग्राम सभा की खुली बैठक दिखाकर अपने रिश्तेदार के नाम से दुकान आवंटित किया गया, तथा फर्जी प्रस्ताव बनाकर खंड विकास अधिकारी के माध्यम से संस्तुति के लिए उपजिलाधिकारी कार्यालय को भिजवा दिया। जबकि नई दुकान के आवंटन का प्रस्ताव हाई कोर्ट के आदेश के विपरीत भी है। पत्रक में दुकान का फर्जी आवंटन निरस्त करने की मांग की है ।