बलिया। सपा की ओर से पांच सितंबर को टाउन हाल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी जोरों पर है। सोमवार को सम्मेलन के प्रभारी अवधनाथ पाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए। पार्टी कार्यालय पर समाचार पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए श्री पाल ने कहा कि जनपदीय सम्मेलन पूरे प्रदेश के राजनीति की दिशा तय करेगा। कहा भाजपा नीत सरकार से जनता ऊब चुकी है तथा झूठ की दिवार पर खड़ी सरकार दरक रही है। कहा कि प्रत्येक साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा आज साढ़े तीन साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। गंगा सफाई का दावा भी हवाहवाई होकर रह गया। कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यकों को परेशान किया जा रहा है। सपा सरकार में शुरू किए गए विकास कार्यों को रोक कर केवल जांच कराने का काम किया जा रहा है। प्रदेश में हत्या, डकैती, बलात्कार, लूट आदि की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। श्री पाल ने कहा कि मुद्दो से भटकाने का खेल भाजपा के लोग कर रहे हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, पूर्व मंत्री मो. रिजवी, पूर्व विधायक सनातन पांडेय, जय प्रकाश अंचल, संग्राम यादव, सुभाष यादव, छोटेलाल राजभर, श्रीमती मंजू सिंह, लक्ष्मण गुप्ता, विश्राम यादव, सुशील पांडेय कान्हजी, रामजी यादव, दीवान सिंह आदि थे।