बलिया। स्ववित्त पोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के सदस्यों ने आवास विकास कालोनी स्थित सांसद आवास के समीप मंदिर परिसर में बैठक की। इसमें कुलपति द्वारा अघोषित तरीके से फीस वृद्धि किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जननायक विश्वविद्यालय के कुलपति यदि शुल्क वृद्घि का निर्णय वापस नहीं लेते है तो हम बुधवार से विवि के प्रशासनिक भवन के सामने अनशन पर बैठ जाएंगे। इस मौके पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए टीएन मिश्र ने कहा कि पहले जिले के सभी महाविद्यालय काशी विद्यापीठ से संबद्घ थे लेकिन चंद्रशेखर विवि की स्थापना के बाद हमें यहां के विवि से संबद्घ कर दिया गया लेकिन कुलपति की मनमानी के चलते शुल्क में अचानक वृद्घि कर दी गई। जबकि रोवर्स-रेंजर्स और प्रयोगात्मक परीक्षाओं का शुल्क 950 रुपया में ही शामिल था लेकिन नामांकन शुल्क के नाम पर सौ-सौ रुपये तथा विलंब शुल्क दो सौ रुपये प्रति छात्र वसूला जा रहा है। इससे छात्रों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण को शासन-प्रशासन यदि गंभीरता से नहीं लेता है तो हम पूरी दमदारी के साथ लड़ाई लड़ेेंगे। आज सुबह 11 बजे से विवि के प्रशासनिक भवन के सामने क्रमिक अनशन शुरू कर देंगे। यह अनशन तब तक चलेगा जब तक कुलपति द्वारा शुल्क वृद्घि वापस नहीं लिया जाता। इस मौके पर अध्यक्ष शिवमंगल सिंह, महामंत्री विश्राम यादव, जावेद अनवर, सूर्यनाथ पांडेय, सुधीर पांडेय, अरबाज खां, अभय सिंह, ज्योति चौहान, संजय सिंह, मंटू सिंह, इश्तियाक आदि मौजूद रहे।