बेल्थरारोड। निकाय चुनाव में प्रतीक चिह्न आवंटित होने के बाद प्रत्याशियों और समर्थकों ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क तेज कर दिया है। नगर के13 वार्डों में कुल 16063 मतदाता हैं,जो अध्यक्ष पद के आठ और सदस्य पद के 76 प्रत्याशियों के भाग्य की इबारत लिखेंगे ।इनमें 8613 पुरुष और 7450 महिला मतदाता हैं। मतदाताओं में पुरुषों की अपेक्षा 1163 महिलाओं की संख्या कम है ।फिर भी महिलाएं चुनाव परिणाम में आश्चर्यजनक परिवर्तन ला सकतीं हैं ।आरक्षण के दौर में प्रत्याशी पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं को खास तवज्जो नहीं दे रहे हैं ।महिला सशक्तिकरण की दिशा में चुनाव में आरक्षण महत्वपूर्ण कदम है ,लेकिन पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं को जो स्थान मिलना चाहिए ,वह नहीं मिल पा रहा है । नगर के कई वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। लेकिन महिलाओं को प्रत्याशी बनाकर पुरुष वर्चस्व के मिथक को तोड़ना नहीं चाहते हैं ।कई महिलाएं सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में भाग्य आजमा रही हैं ,लेकिन मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन मांगने की बजाए घर की चौखट के भीतर घूंघट की ओट में कैद होकर आरक्षण व्यवस्था को धता बता रही हैं ।महिलाओं के नाम पर उनके घर के पुरुष सदस्य मतदाताओं से वोट की याचना कर रहे हैं ।ऐसे में चुनाव दिनों दिनों रोचक होता चला जा रहा है ।