सिकंदरपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक संघ की बैठक शुक्रवार को सुभद्रा इंटर कालेज भडिकरा में हुई। संघ के जिला संयोजक रवींद्र कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार वित्तविहीन शिक्षकों के साथ अन्याय कर रही है। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जारी मानदेय को भी सरकार ने रोक कर वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की चुनावी घोषणा के बाद भी वित्तविहीन शिक्षकों के साथ छलावा किया है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर दो नवंबर को प्रत्येक जिले में धरना व गिरफ्तारी देने का काम किया जाएगा उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक दो नवंबर को जिले पर पहुंच कर धरना एवं गिरफ्तारी देने के साथ ही जिलाधिकारी को ज्ञापन देने में सहयोग करें। प्रदेश महासचिव राम बदन यादव ने कहा कि जब तक हम अपने संगठन के बल पर मजबूती के साथ अपनी मांगों को लेकर नहीं लड़ेंगे तब तक सरकार कुछ देने वाली नहीं है। इस दौरान नवानगर ब्लॉक के इकाई की घोषणा की गई जिसमें दिलीप सिंह अध्यक्ष , सत्यनरायण यादव उपाध्यक्ष, चंद्रेश कुमार पांडे कोषाध्यक्ष, रामदयाल शर्मा संगठन मंत्री ,सुनील शर्मा को मंत्री बनाया गया। बैठक में लहरी सिंह राम गोविंद प्रजापति श्याम नंदन मिश्र सुरेंद्र सिंह राम जी चौहान आदि ने भी विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता अरविंद कुमार वर्मा व संचालन रविंद्र कुमार ने किया।