बेल्थरारोड। शहीद सम्मान दिवस के अवसर पर शनिवार को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज खंदवा के प्रांगण में शहीद कैप्टन राजेंद्र प्रसाद सिंह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सेना के अधिकारियों के साथ विधायक धनंजय कनौजिया ने शहीद की स्मृति में शिलापट्ट का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया। विधायक ने कहा कि शहीदों का सम्मान सर्वोच्च है ।उन्होंने शहीद का भाव पूर्ण नमन किया। सीमा सुरक्षा बल के हेड क्वार्टर से पहुंचे विजय सिंह और चंदन कुमार ने शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित किया। उल्लेखनीय है कि एक मार्च 1969 को नगरा के नरही ग्राम में जन्मे राजेंद्र ने महात्मा गांधी इंटर कॉलेज खंदवा से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त करने के बाद 1988 में सीमा सुरक्षा बल में चुने गए । उधमपुर में 15 अप्रैल 2001 को दुश्मनों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए थे। बीएसएफ हेड क्वार्टर से शहीद की स्मृति में शिलापट्ट आया था ,जिसका विधायक कनौजिया ने शहीद सम्मान दिवस पर अनावरण किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य बृजनारायण राम समेत छात्र, शिक्षक और संभ्रांत लोग मौजूद रहे।