दुबहर। क्षेत्र के गायक कलाकारों, गीतकारों एवं रंगकर्मियों की एक बैठक रविवार को घोड़हरा स्थित एसजी पब्लिक स्कूल में हुई। इसमें शहीद मंगल पांडेय के पैतृक गांव नगवां निवासी लक्ष्मण चतुर्वेदी के पुत्र सिद्धांत चतुर्वेदी को सुपरहिट फिल्म गली ब्वॉय में सह नायक के रूप में बेहतरीन काम करने पर शुभकामनाएं दी गईं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए गीतकार बब्बन विद्यार्थी ने कहा कि जनपद के लिए गौरव की बात है। गौरतलब है कि नगवा निवासी सिद्धांत चतुर्वेदी भोजपुरी फिल्म कलाकार लक्ष्मण चतुर्वेदी के पुत्र हैं। लक्ष्मण चतुर्वेदी भी भोजपुरी फिल्म डोली आई तोहार अंगना, विरहिन जन्म जन्म, सैंया भए थानेदार आदि फिल्मों में सफल कलाकार के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। इस अवसर पर रंगकर्मी जगेश्वर मितवा, पन्नालाल गुप्ता मस्ताना, गायक विजयबहार, अशोक मधुकर, पिंटू ठाकुर, कृष्णा हमदर्दी, राजेश पाठक, सरल पासवान, वाद्य कलाकार सत्येंद्र सिंह, विष्णुदयाल पांडेय, रामजी चौबे आदि उपस्थित रहे। संचालन एसजी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अन्नपूर्णानंद तिवारी ने किया।