रामगढ़। बैरिया थाना क्षेत्र के सुघरछपरा ढाले पर शनिवार को तेज रफ्तार कमांडर ने एक बालिका को टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोकटी थाना क्षेत्र के दलकी निवासी कौशल सिंह की बारह वर्षीय पुत्री सिमरन पिछले सप्ताह अपने पूरे परिवार के साथ बैरिया थाना क्षेत्र के श्रीनगर अपने फूफा शैलेश सिंह के घर आयी थी। बीते 10 दिसम्बर को उसके छोटे भाई का मुंडन संस्कार था, जो श्रीनगर से ही सम्पन्न हुआ। शनिवार की दोपहर एक बजे किसी कार्यवश सुघरछपरा ढाले पर गयी थी। जहां से वह सड़क किनारे से घर आ रही थी। इसीबीच बैरिया से बलिया सवारी लेकर जा रही तेज रफ्तार कमांडर ने पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।