बलिया। जिला विज्ञान क्लब की ओर से शनिवार को सेवा सदन पब्लिक स्कूल कथरिया पर कुपोषण के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं भी हुईं जिसमें अन्य विद्यालय के बच्चों ने भी प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि बीडीओ सोहांव आनंद कुमार चौरसिया दीप प्रज्ज्वलन कर किया। बीडीओ ने कहा कि संतुलित आहार के बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। जिस प्रकार स्वच्छ जल, स्वच्छ वायु के बिना स्वस्थ नहीं रहा जा सकता ठीक उसी प्रकार आहार में भी संतुलन आवश्यक है। डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कुपोषण के होने का मुख्य कारण हमारा आहार ही है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब तबके के लोगों में आज भी जानकारी के अभाव में संतुलित आहार को प्रमुखता नहीं देते हैं। इस मौके पर जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक अतुल कुमार तिवारी, सुनील कुमार सिंह, मुकेश कुमार पांडेय, विनोद कुमार शर्मा, नरेंद्र पांडेय, अश्विनी तिवारी, डॉ. राजनारायण सिंह आदि रहे।