बलिया। जनपद में होली के से पहले ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। बाजार भी होली के पर्व के लिए सज गए हैं। ऐसे में कपड़ों की दुकानों एवं किराने की दुकानों पर ग्राहकों की भी उमड़ने लगी है। वहीं घरों में महिलाओं ने गुझिया, पापड़, चिप्स आदि बनाना शुरू कर दिया है। होली त्योहार के नजदीक आते ही रंगों का बाजार सजकर तैयार हो गया है। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में भी भारी मात्रा में मिलावट देखने को मिल रही है। जिससे सचेत रहने की जरूरत है। अबीर-गुलाल के दुकानदार गनेश कुमार ने बताया कि बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ना शुरू हो गई है। लेकिन रंगों की दुकानों पर अभी कम भीड़ दिख रही है। अभी कपड़ा की दुकानों पर भीड़ ज्यादा दिख रही है। एक-दो दिन में भीड़ काफी बढ़ जाएगी। कहा कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष रंग और अबीर में 15 से 20 रुपये प्रति किग्रा मूल्य बढ़ा है। चिप्स व नमकीन विक्रेता सोनू कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी रेट है, कोई खास अंतर नहीं है। बताया कि ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है एक-दो दिन में और ज्यादे भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। उधर, कपड़ों की दुकानों पर पैर रखने की जगह नहीं रही। इस दौरान युवक-युवतियां एवं महिलाओं ने अपने-अपने पसंद के परिधानों की खरीदारी करते नजर आए। वहीं घर में महिलाएं आलू, साबूदाना का पापड़, चिप्स, खोवा व सूजी की गुझिया बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा घरों में होली के गीत भी सुनने को मिल रहे है।